Home गुजरात नकली नोटों के मामले में आरोपी रह चुके मुंबई से आए हिस्ट्रीशीटर...

नकली नोटों के मामले में आरोपी रह चुके मुंबई से आए हिस्ट्रीशीटर उदयपुर में बना रहे फिल्मसिटी: पुलिस पड़ताल में जुटी

183
0

उदयपुर,(G.N.S)। झीलों की नगरी उदयपुर में झाड़ोल रोड पर अलसीगढ़ में इन दिनों दावा किया जा रहा है कि यहां एक प्राइवेट फिल्म सिटी बनायी जा रही है। जिसे नाम दिया गया है “कलाक्षेत्र”। मूलतः उदयपुर घंटाघर थाना क्षेत्र हाल मुंबई निवासी सुनील भट्ट और जसवंत परमार इस फिल्म सिटी के फाउंडर हैं। इन्होंने दावा किया है कि 150 बीघा जमीन पर बनने वाली यह फिल्म सिटी अगले एक साल में तैयार हो जाएगी, यहां एक स्टूडियो तैयार भी हो गया है। लेकिन इन्होंने इस फिल्म सिटी के इनवेस्टर्स का अभी तक कोई खुलासा नहीं किया है।

सुनील भट्ट खुद उदयपुर के घंटाघर थाने के हिस्ट्रीशीटर है और करीब 15 सालों से मुंबई में रह रहे हैं। इनके खिलाफ उदयपुर में पहला केस 1999 में भूपालपुरा थाने में नकली नोट मामले से संबंधित आरोप में दर्ज हुआ था। 1999 में घंटाघर थान पुलिस ने डेढ़ लाख रूपए के नकली नोट पकड़े थे। पुलिस ने जिस आदमी से ये नकली नोट बरामद किए थे, उससे हुई पूछताछ में नकली नोटों के इस मामले का लिंक सुनील भट्ट तक पहुंचा था। जिसके बाद पुलिस ने सुनील भट्ट को इस मामले में आरोपी बनाया था।

वर्ष 2008 के बाद से पुलिस के पास ऐसा कोई रिकाॅर्ड नहीं है, कि ये पिछले 12 सालों में कब-कब उदयपुर आए, उदयपुर और मुंबई में किस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और किस प्रकार के लोगों के संपर्क में रहे हैं। अब अचानक 12-15 साल बाद इनका उदयपुर आकर प्राइवेट फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को लाॅन्च करना काफी चौकाने वाला है। ऐसे में उदयपुर पुलिस सुनील भट्ट का पूरा रिकाॅर्ड खंगालने में जुट गयी है।

एडीजी दिनेश एमएन के उदयपुर एसपी रहते समय खुली थी हिस्ट्रीशीट

सुनील भट्ट का मुंबई शिफ्ट होने से पहले उदयपुर में कुछ अच्छा रिकाॅर्ड नहीं रहा है। वे उदयपुर के घंटाघर थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। उनकी हिस्ट्रीशीट आईपीएस दिनेश एमएन के उदयपुर एसपी रहते समय खोली गयी थी। घंटाघर थाने में बनी इनकी हिस्ट्रीशीट के अनुसार उस समय इनके खिलाफ भूपालपुरा थाने में नकली नोट से संबंधित, मारपीट, अहमदाबाद में हत्या से संबंधित आरोप में मामले दर्ज हो चुके थे।

उदयपुर में एसपी दिनेश एमएन के रहते समय सुनील भट्ट उदयपुर से मुंबई शिफ्ट हो गए थे। पुलिस रिकाॅर्ड में इनके लिए 2008 में एक नोट भी है, जिसमें लिखा है कि यह खतरनाक प्रवृति के हैं और इन दिनों मुंबई में रहकर व्यापार कर रहे हैं। हालां कि पुलिस रिकाॅर्ड में यह स्पष्ट नहीं है कि यह मुंबई में रहकर क्या व्यापार करते हैं।

घंटाघर थानाधिकारी ने बताया कि सुनील भट्ट घंटाघर थाने के हिस्ट्रीशीटर है। ये पिछले काफी सालों से मुंबई रह रहे हैं। 2008 के बाद से इनका उदयपुर में रहने का या अन्य कोई रिकाॅर्ड नहीं है। इनके उदयपुर में आकर फिल्म सिटी बनाने की जानकारी मिली है। ऐसे में मुंबई पुलिस से जानकारी जुटा रहे हैं कि पिछले 12 सालों में इनके मुंबई में रहने के दौरान इनका क्या रिकाॅर्ड रहा है।