भोपाल, 24 मार्च 2026, सौरभ शर्मा, विशेष संवाददाता
महिला एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने नेहरू नगर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1061 (सेक्टर-अंबेडकर) में राज्य स्तरीय ‘विद्यारम्भ उत्सव’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 5 से 6 वर्ष के बच्चों को विद्यारम्भ प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके औपचारिक शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को मान्यता दी।
परियोजना बाणगंगा अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 165 हितग्राही, बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे। राज्य स्तर पर शुरू हुए इस उत्सव के तहत पूरे प्रदेश में 97 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को प्रमाण-पत्र दिए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त परियोजना अंतर्गत 7 सेक्टर स्तरीय और 143 आंगनवाड़ी केंद्रों के क्लस्टर बनाकर कुल 2800 बच्चों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। बच्चों के अभिभावकों को आमंत्रित करने के लिए घर-घर जाकर निमंत्रण पत्र पहुंचाए गए और आंगनवाड़ी केंद्रों पर रैली निकालकर जन-जागरूकता फैलाई गई।
समारोह के दौरान बच्चों ने आकर्षक नृत्य, संगीत और कविता पाठ प्रस्तुत किए। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के अनुभव साझा किए।
यह कार्यक्रम प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ करने और आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों की पहली पाठशाला बनाने की दिशा में मध्य प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।

