भोपाल: 30 मार्च 2026
सौरभ शर्मा, विशेष संवाददाता
मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के आयुक्त सह प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने साफ कहा कि जहां नई जल प्रदाय प्रणाली शुरू हो चुकी है, वहां पुराने नलकूप (ट्यूबवेल) तुरंत बंद कर दिए जाएं। इससे भूजल का संरक्षण होगा।
होटल पलाश में 30 मार्च 2026 को आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में भोंडवे ने 46 नगरों की जल प्रदाय योजनाओं और 3 नगरों की सीवरेज परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भोंडवे ने निर्देश दिए कि जल मीटरों में कम से कम 5 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य होगा। जल शोधन संयंत्र (WTP) और मलजल शोधन संयंत्र (STP) के आसपास हरित क्षेत्र विकसित किए जाएं। आगामी मानसून में इन परिसरों में सघन वृक्षारोपण कर “माय लाइफ” पोर्टल पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।
रोड रेस्टोरेशन कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अगर बहाली में कमी पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। निर्माण स्थलों पर श्रमिक सुरक्षा, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को अनिवार्य बताया गया।
अतिरिक्त प्रबंध संचालक दिव्यांक सिंह ने सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर बल दिया। मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का प्रस्तुतीकरण किया।

